स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-एनएचएम के अंतर्गत केंद्र, राज्यों को तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है ताकि वे अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकें तथा जनशक्ति की आवश्यकताओं को पूरा कर सकें। आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में सुश्री पटेल ने कहा कि जन स्वास्थ्य और अस्पताल राज्य का विषय है और भर्ती और नियुक्ति सहित स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है।
एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए सुश्री पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार डॉक्टरों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चिकित्सा पेशेवरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 157 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए हैं। सुश्री पटेल ने कहा कि नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना मेडिकल कॉलेजों के साथ ही की जा रही है ताकि नर्सिंग पेशेवरों की कोई कमी न हो। उन्होंने कहा कि एनएचएम के तहत देश में स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन और मानदेय प्रदान किए जाते हैं।