राष्ट्रीय सिकल सेल मिशन के अंतर्गत अब तक कुल छह करोड़ व्यक्तियों की सिकल सेल रोग की जांच की जा चुकी है। जांच के बाद इस रोग से ग्रस्त दो लाख 15 हज़ार व्यक्तियों का पता चला है और 16 लाख से अधिक लोगों की इसके वाहक के रूप में पहचान की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और उत्तराखंड ने अपने लक्ष्यों के अनुरूप अधिक मात्रा में जांच करके उल्लेखनीय प्रगति की है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में सबसे अधिक सिकल सेल एनीमिया के मामले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री ने साल 2023 में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का उद्घाटन किया था। इस मिशन का उद्देश्य प्रभावित आदिवासी क्षेत्रों में 40 वर्ष तक की आयु के सात करोड़ व्यक्तियों की जांच के माध्यम से 2047 तक देश से सिकल सेल एनीमिया का उन्मूलन करना है।