राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर अल्मोड़ा में क्वारब पुल के पास लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए 18 जुलाई तक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान सिर्फ एंबुलेंस, क्रेन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहन ही चल सकते हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग में क्वारब के पास 200 मीटर हिस्से में लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में वर्तमान में यहां पर सुरक्षात्मक कार्य किया जा रहा है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे का कहना है कि सड़क पर पहाड़ी से पत्थर, मलबा गिरने के कारण यहां से रात के समय वाहनों के लिए आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई को जाएगी। वहीं प्रतिबंधित समय पर सड़क दुर्घटना और वाहन संचालन के लिए संबंधित चौकी, थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी होगी।