राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज वर्षा और तेज आंधी ने कई दिन से चल रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी। दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में आज सवेरे धूल भरी आंधी चली और वर्षा हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि वर्षा, आंधी और तेज हवाएं अगले दो दिन तक जारी रहेंगी।
विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, आज और कल गरज भरी आंधी के साथ-साथ वर्षा होगी जिसके कारण तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि देश के उत्तरी, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी अगले दो से तीन दिन तक वर्षा और तेज आंधी चलने की संभावना है। विभाग ने बताया कि केरल, माहे, लक्षद्वीप और तटवर्ती कर्नाटक में अगले दो दिन के दौरान गरज भरी आंधी चलने और बिजली कड़कने की संभावना है।
विभाग का यह भी कहना है कि पूर्वोत्तर अरब सागर, उत्तरी गुजरात तट, मन्नार खाड़ी और आस-पास के कोमोरिन क्षेत्र में के ऊपर कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं।