जनवरी 8, 2026 6:48 अपराह्न

printer

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने गुजरात में दूषित जल पीने से टाइफाइड के बढ़ते मामलों का स्वत: संज्ञान लिया

राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने गुजरात के गांधी नगर में दूषित जल पीने से टाइफाइड के बढ़ते मामलों पर स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने गुजरात सरकार के मुख्‍य सचिव को नोटिस जारी किया है और इस मामले पर दो हफ्तों में विस्‍तृत रिपोर्ट मांगी है।

राज्‍य के स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने गांधी नगर के एक विशेष क्षेत्र में टाइफाइड के 70 सक्रिय मामलों की पुष्टि की है। मानवाधिकार आयोग के अनुसार टाइफाइड मरीजों के बढ़ने से गांधी नगर में जलापूर्ति के लिए बिछाए गए नए पाइपों में गंभीर कमियों का खुलासा हुआ है।

पानी की पाइप लाइन नेटवर्क में सात स्‍थानों पर पानी लीक होने का पता चला है जिसके कारण सिवेज पाइप लाइन पीने के पानी की पाइप लाइन से जुड़ गई। आयोग ने कहा है कि रिपोर्ट में टाइफाइड के आउटडोर और भर्ती मरीजों के वर्तमान स्‍वास्‍थ्‍य की स्थिति का भी उल्‍लेख होना चाहिए। साथ ही, उन उपायों या प्रस्‍तावित उपायों का भी जिक्र होना चाहिए, जिससे घटना दोबारा न होना सुनिश्चित हो सके।