अक्टूबर 3, 2025 7:58 अपराह्न

printer

राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा, “वोकल फॉर लोकल” और जीएसटी दर कटौती से व्यापारियों में उत्साह बढ़ा

नई दिल्ली में आयोजित आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स – कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान कैट ने विभिन्न राज्यों के 35 शहरों में व्यापारिक संगठनों से सर्वे कराया। उन्‍होंने बताया कि इस सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वदेशी का आह्वान “वोकल फॉर लोकल – लोकल फॉर ग्लोबल” और हाल ही में हुई जीएसटी दर कटौती से इस बार के त्योहारी कारोबार को नई ऊँचाई प्राप्‍त हुई है।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि इस दिवाली को कैट के राष्ट्रीय अभियान भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान के अंतर्गत मनाया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी आह्वान और जीएसटी दर कटौती के संयुक्त प्रभाव ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों में नया उत्साह पैदा किया है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि दिवाली केवल रोशनी और उल्लास का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आर्थिक प्रगति का भी पर्व है। उन्‍होंने कहा कि इस दिवाली भारतीय वस्तुओं पर खर्च किया गया हर रुपया देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेगा, रोजगार सृजित करेगा और प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेगा।

प्रेस वार्ता में महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित स्वदेशी त्योहारी वस्तुओं के लगभग 30 स्टॉलों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें भारतीय उत्पादों की उच्च गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धी मूल्य प्रदर्शित किए गए।