राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रूद्रप्रयाग जिले की 30 महिलाओं ने आधुनिक कृषि के गुर सीखे। शैक्षिक भ्रमण दल ने चार दिवसीय भ्रमण के दौरान नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान का निरीक्षण कर कई जानकारियां प्राप्त की।
दल को पूसा स्थित कृषि तकनीक एवं महिला सशक्तिकरण पर विशेष प्रशिक्षण और शोध केंद्र के भ्रमण दौरान स्थानीय स्तर पर मौसमी व बेमौसमी खेती और अन्य उत्पादों के उत्पादन के बारे में जानकारी दी गई।
साथ ही संरक्षित खेती, जैविक खेती, पोषण सुरक्षा, फसल विविधीकरण के बारे में बताया गया। महिला उद्यमिता और कृषि में महिलाओं की भूमिका और तकनीकी नवाचार पर अन्य विशेषज्ञों के साथ संवाद भी किया।