केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत को अपना पहला मोंडो ट्रैक मिल गया है। श्री मांडविया ने बताया कि भारत मोंडो ट्रैक वाला 25वाँ देश बन गया है, जबकि पहले दुनिया के केवल 24 देशों के पास ही यह ट्रैक था। उन्होंने कहा कि यह नया ट्रैक भारतीय एथलीटों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करेगा।
श्री मांडविया बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंज़ूरी के साथ, भारत ने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए आशय पत्र प्रस्तुत कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश ने 2036 के ओलंपिक खेलों की मेज़बानी के लिए भी अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में, आज पूरे देश में तीन दिवसीय खेल महोत्सव शुरू हो गया है और इसका उद्देश्य भारत को एक खेल राष्ट्र बनाना है।