अक्टूबर 19, 2024 8:52 अपराह्न | Odisha

printer

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत ओडिशा ने केंद्र से अधिक वित्तीय सहायता की मांग की

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत ओडिशा ने केंद्र से अधिक वित्तीय सहायता की मांग की है। जिससे राज्‍य में दो लाख 50 हजार हेक्टेयर धान भूमि पर दलहन और तिलहन फसलों की खेती की जा सके। ओडिशा के उपमुख्यमंत्री और कृषि तथा किसान अधिकारिता मंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने आज नई दिल्ली में आयोजित रबी अभियान 2024 के लिए कृषि पर राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष यह मांग रखी। उन्होंने श्री चौहान को सूरजमुखी, मूंगफली और मधुमक्खी पालन के लिए प्रति हेक्टेयर क्षेत्र व्यय बढ़ाने की मांग रखी। श्री सिंह देव ने केंद्रीय कृषि मंत्री को राष्ट्रीय विकास योजना के तहत ओडिशा के कृषि वानिकी कार्यक्रम के लिए आठ दशमलव तीन चार करोड़ रुपये की वार्षिक कार्यक्रम योजना को मंजूरी देने का भी प्रस्ताव रखा।

    ओडिशा प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील है, इसलिए राज्य ने कृषि मशीनीकरण में नवाचार लाने के लिए तटीय ओडिशा में एक अनुसंधान केंद्र और राज्य के पश्चिमी भाग में एक कृषि मशीनरी विकास, प्रशिक्षण और परीक्षण केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा है।