राष्ट्रीय कैडेट कोर, एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 का आयोजन दिल्ली कैंट स्थित करियप्पा परेड ग्राउंड में किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से देश की समृद्ध संस्कृति से परिचित कराना है।
इस शिविर में देश भर से कुल 2 हज़ार चार सौ छह एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे है, जिनमें आठ सौ 98 लड़कियां शामिल हैं। इस वर्ष जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 127 कैडेट और पूर्वोत्तर क्षेत्र से 131 कैडेट शिविर में भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत 25 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भी समारोह का हिस्सा बन रहे हैं।
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान, एनसीसी कैडेट, फायरिंग और मार्चिंग सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। यह शिविर 28 जनवरी को प्रधानमंत्री की रैली के साथ संपन्न होगा। लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने बताया कि एनसीसी कैडेटों की कुल संख्या 17 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है, जिनमें 40 प्रतिशत बालिका कैडेट हैं। इस शिविर के दौरान अंतर-निदेशालय प्रतियोगिताओं और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।