मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर राज्य वासियों को बापू टावर के रूप में बड़ी सौगात देंगे। इसका निर्माण एक सौ उनतीस करोड़ रुपए की लागत से पटना के गर्दनीबाग इलाके में किया गया है।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि अनेक विशेषताओं वाला यह टावर युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाला है। उन्होंने बताया कि बापू टावर का वास्तु और सौंदर्य भी अदभुत है। टावर के बाहरी भाग पर पैंतीस टन तांबे की परत लगायी गयी है। इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से उनके आदर्शों का पालन करने की अपील की है।