अमरीका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किए जाने के बाद, वेनेजुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो ने कहा कि वेनेजुएला में आजादी का समय आ गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में, मचाडो ने कहा कि निकोलस मादुरो को वेनेजुएला-वासियों और कई अन्य देशों के नागरिकों के खिलाफ किए गए जघन्य अपराधों के लिए अंतरराष्ट्रीय न्याय का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि निकोलस मादुरो ने बातचीत से समाधान में विफल रहने के कारण अमरीकी सरकार ने कानून लागू करके अपना वादा पूरा किया है।
कोरिना मचाडो ने कहा कि देश में जन संप्रभुता और राष्ट्रीय संप्रभुता का शासन स्थापित करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि हम व्यवस्था स्थापित करेंगे, राजनीतिक कैदियों को रिहा करेंगे और अपने बच्चों को घर वापस लाएंगे। मचाडो ने कहा कि वेनेजुएला में लोकतंत्र के लिए वर्षों का संघर्ष आखिरकार एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि अमरीका की तेल कंपनियां वेनेजुएला में क्षतिग्रस्त तेल बुनियादी ढांचे को ठीक करने के लिए अरबों डॉलर खर्च करेंगी।
फ्लोरिडा में मीडिया को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमरीका तेल बेचने का कारोबार करता है और इच्छुक देशों को तेल उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के खराब बुनियादी ढांचे ने उसके अपने तेल उत्पादन को सीमित कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि शांति, न्याय और सत्ता के सुचारू हस्तांतरण को सुनिश्चित करने के लिए अमरीका अस्थायी रूप से वेनेजुएला का शासन संभालेगा।