राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण-पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को उपलब्ध कराया जाने वाला पौष्टिक भोजन, देश की मानव पूंजी में एक महत्वपूर्ण निवेश है। नई दिल्ली में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मु ने बच्चों को राष्ट्र के जनसांख्यिकीय लाभांश का आधार बताते हुए कहा कि वे आने वाले वर्षों में भारत की विकास यात्रा को गति प्रदान करेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि कई अध्ययनों से यह सिद्ध हुआ है कि पीएम पोषण योजना के परिणामस्वरूप बच्चों के स्कूलों में नामांकन, उपस्थिति और स्कूल में बने रहने की दर में वृद्धि हुई है, साथ ही उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने शिक्षा को मानव जीवन में अवसर सृजित करने का एक महत्वपूर्ण साधन बताया । उन्होंने कहा कि शिक्षा, सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण और क्षमता निर्माण की प्रक्रिया विद्यालय स्तर से ही शुरू होती है।