राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राजस्थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना का वायुशक्ति अभ्यास देखेंगी। राष्ट्रपति राजस्थान के दो दिन के दौरे पर हैं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वायुशक्ति अभ्यास से पहले वे स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भरेंगी। प्रचंड हेलीकॉप्टर स्वदेश में विकसित और विनिर्मित देश का पहला लड़ाकू हेलीकॉप्टर है। हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड ने इसका विनिर्माण किया है।
राष्ट्रपति मुर्मु आज शाम भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट पोखरन फायरिंग रेंज से भारतीय वायु सेना का वायुशक्ति प्रदर्शन देखेंगी। इस दौरान भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमान अपनी परिचालन क्षमता प्रदर्शित करेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।