फ़रवरी 5, 2026 7:41 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ओडिशा दौरा पर, आज सिमिलिपाल बाघ अभयारण्य जाएंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा में अपने गृह जिले मयूरभंज के दौरे पर हैं। वे आज शाम सिमिलिपाल बाघ अभ्‍यारण्‍य जायेंगी। राज्य के अपने छह दिवसीय दौरे के पांचवें दिन वे आज सुबह रायरांगपुर में श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
 
इसके बाद में राष्‍ट्रपति अपने पैतृक गांव पहाड़पुर जाएंगी, जहां वे अपने दिवंगत पति और पुत्रों की स्मृति में स्थापित एसएलएस मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु शाम को सिमिलिपाल बाघ अभ्‍यारण्‍य के लिए रवाना होंगी और वहां की समृद्ध जैव विविधता का अनुभव करने के लिए रात्रि प्रवास करेंगी।
 
राष्‍ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान अभ्‍यारण्‍य में आदिवासी महिलाओं और युवाओं से बातचीत करेंगी। वे कल भुवनेश्वर लौटेंगी और ओडिशा सरकार द्वारा आयोजित ‘ब्लैक स्वान समिट इंडिया’ में भाग लेंगी। उनका ओडिशा दौरा शनिवार को समाप्त होगा, जिसके बाद वे छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगी और बस्तर पांडुम-2026 महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।