राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम अपने गृह राज्य ओडिशा की छह दिवसीय यात्रा पर भुवनेश्वर पहुंचीं। राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति खुर्दा, जाजपुर, बालासोर, पुरी और मयूरभंज जिलों में कई आधिकारिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। कल राष्ट्रपति मुर्मु जाजपुर के मां बिरजा मंदिर में पूजा करेंगी और नवी गया में धार्मिक अनुष्ठान करेंगी। बाद में वे बालासोर में फकीर मोहन विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम को राष्ट्रपति श्री जगन्नाथ मंदिर के दर्शन के लिए पुरी जाएंगी। राष्ट्रपति बुधवार को मयूरभंज में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी और आदिवासी महिलाओं और युवा समूहों से बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगी।
News On AIR | फ़रवरी 2, 2026 8:41 अपराह्न
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छह दिवसीय यात्रा पर ओडिशा पहुंचीं