राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस स्वागत समारोह में उपस्थित थे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि महत्वपूर्ण गणमान्य व्यक्तियों के अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई प्रतिष्ठित नागरिक और सरकार के विभिन्न विकास कार्यक्रमों के लाभार्थी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने कहा कि अतिथियों ने कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित जीवंत कलात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ उत्तर पूर्वी राज्यों के व्यंजनों का भी आनंद लिया।