राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, राजस्थान अपनी गौरवशाली परंपराओं, आतिथ्य और इंद्रधनुषी संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोगों ने दुनिया भर में अपनी उद्यमशीलता की पहचान बनाई है। राष्ट्रपति ने कामना की कि राजस्थान के लोग अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखते हुए देश की प्रगति में अमूल्य योगदान देते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ऊर्जा और उत्साह से भरे राजस्थान के लोग राज्य के लिए नई गौरव गाथा लिखने में जुटे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में राजस्थान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होने वाली है।