नवम्बर 9, 2025 10:20 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लुआंडा में अंगोला के राष्‍ट्रपति जोआओ लौरेंसो के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लुआंडा में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंसो के साथ व्यापक द्विपक्षीय चर्चा की। दोनों देशों ने मत्स्य पालन, जलीय कृषि, समुद्री संसाधनों और वाणिज्य दूतावास संबंधी मामलों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने इंटरनेशनल बीग कैट एलायंस और ग्‍लोबल बायोफ्यूल एलायंस में शामिल होने के अंगोला के निर्णय का स्वागत किया।

  राष्ट्रपति ने अंगोला की विकास यात्रा में, द्विपक्षीय रूप से और साथ ही भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन के व्यापक ढाँचे में, एक विश्वसनीय भागीदार बने रहने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने ऊर्जा साझेदारी, बुनियादी ढाँचे, रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल प्रौद्योगिकियों सहित सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

 अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंसो ने कहा कि केवल छह महीनों के भीतर अंगोला और भारत के बीच दो उच्च स्तरीय यात्राएँ दर्शाती हैं कि दोनों देश अपने बढ़ते संबंधों को कितना महत्व देते हैं। राष्ट्रपति लौरेंसो ने इस वर्ष मई में नई दिल्ली का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग अंगोला के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। और ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

  इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मु का अंगोला के राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति लॉरेन्सो ने बैठकों के अंत में राष्ट्रपति मुर्मु के लिए एक भोज का भी आयोजन किया। राष्ट्रपति मुर्मु 8 से 13 नवंबर तक अंगोला और बोत्सवाना की यात्रा पर हैं। अंगोला में वह मंगलवार को अंगोला की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। वह राष्ट्रीय सभा को भी संबोधित करेंगी और अंगोला के भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। वह इस दौरे के दूसरे चरण में 11 नवंबर को बोत्सवाना जाएंगी।

    यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की इन दो अफ्रीकी देशों की पहली यात्रा है। राष्ट्रपति मुर्मु के साथ इस यात्रा में वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जल शक्ति और रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और संसद सदस्य प्रभुभाई नागरभाई वसावा और डी. के. अरुणा भी हैं।