नवम्बर 7, 2025 8:59 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल अंगोला और बोत्सवाना की राजकीय यात्रा पर जाएँगी

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल दो देशों – अंगोला और बोत्सवाना की यात्रा पर जाएँगी। राष्ट्रपति अंगोला के राष्‍ट्रपति जोआओ मैनुएल गोंजाल्विस लौरेंको के निमंत्रण पर यात्रा के पहले चरण में अंगोला जाएँगी। भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

 

    यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु 9 नवंबर को राष्ट्रपति लौरेंको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वे 11 नवंबर को अंगोला की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु का अंगोला की संसद को संबोधित करने और अंगोला में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।

 

भारत और अंगोला के बीच मैत्री और सहयोग के घनिष्ठ संबंध हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं। यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करने और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को और गति प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।

   

यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति मुर्मु 11 नवंबर को बोत्सवाना जाएँगी। यह यात्रा बोत्सवाना के साथ दीर्घकालिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मज़बूत करने की देश की प्रतिबद्धता पर बल देती है।

 

इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति बोत्सवाना के राष्ट्रपति ड्यूमा गिदोन बोकून के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। उनका बोत्सवाना की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने, भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने और सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है। यह यात्रा बोत्सवाना के साथ सहयोग के संबंधों को नई गति प्रदान करेगी और पारस्परिक लाभ के नए क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करेगी।