अगस्त 6, 2025 9:01 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – फिलीपींस, क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि लाने के लिए भारत की एक्ट ईस्ट नीति का महत्वपूर्ण साझेदार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत-फिलीपींस साझेदारी को दोनों देशों के लोगों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा है कि यह क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि का आधार है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलदेज़ मार्कोस जूनियर का भारत के पहले राजकीय यात्रा पर स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग में निरंतर उच्च-स्तरीय जुड़ाव, बढ़ता व्यापार और वाणिज्य, समुद्री क्षेत्र सहित मज़बूत रक्षा और सुरक्षा सहयोग तथा विकास साझेदारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत और फिलीपींस के बीच दीर्घकालिक मैत्री सभ्यतागत संपर्कों, ऐतिहासिक संबंधों और साझा मूल्यों पर आधारित है।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने ज़ोर देकर कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी स्तर तक बढ़ाए जाने से भारत और फिलीपींस के बीच बहुआयामी सहयोग और बढ़ेगा। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा और आतंकवाद के विरूद्ध लड़ाई में भारत के प्रति एकजुटता और समर्थन देने के लिए फिलीपींस सरकार को धन्यवाद किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने त्वरित प्रभाव परियोजना कार्यान्वयन सहित फिलीपींस के साथ विकास सहयोग हेतु भारत की प्रतिबद्धता दोहराई जिनका उद्देश्य स्थानीय समुदायों के दैनिक जीवन को सीधे लाभान्वित करना है।

 

उन्होंने सहमति जताई की कि दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ पर फिलीपींस के राष्ट्रपति की यात्रा दोनों देशों के बीच मज़बूत साझेदारी को सुदृढ़ बनाने में सहायक होगी। राष्ट्रपति मुर्मु ने फिलीपीनी राष्ट्रपति के सम्मान में भोज भी आयोजित किया।