राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सिक्किम अपनी असीम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपने लोगों की गर्मजोशी के लिए व्यापक रूप से प्रशंसित है। राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य ने भारत के सबसे अधिक पर्यावरण के प्रति जागरूक राज्यों के रूप में प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रदर्शित करते हुए सतत विकास के उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिक्किम शांत सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी कहा कि राज्य ने विविध क्षेत्रों में प्रगति की है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अवसर और भी खास है क्योंकि यह सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ है और उन्होंने इसके नागरिकों की समृद्धि की कामना की।