राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट पर राष्ट्रपति ने कहा कि अपने प्रेरणादायक जीवन में बाबा साहेब ने चरम कठिनाईयों का सामना करने के बावजूद उन्होंने अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई और अपनी असाधारण उपलब्धियों से दुनिया में सम्मान अर्जित किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने बाबा साहेब को विलक्षण योग्यताओं और बहुमुखी व्यक्तित्व का स्वामी बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि बाबा साहेब एक अर्थशास्त्री, शिक्षाविद्, विधिवेत्ता और एक महान समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब समतावादी समाज के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गो के आर्थिक और सामाजिक अधिकारों के लिए जीवनपर्यन्त संघर्ष किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि बाबा साहेब सामाजिक परिवर्तन और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए शिक्षा को एक महत्वपूर्ण औजार मानते थे। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उनका योगदान राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने के प्रति भविष्य की पीढियों को प्रेरित करता रहेगा। राष्ट्रपति मुर्मु ने नागरिकों से डॉ. आंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने और एक ऐसे राष्ट्र के निर्माण के लिए काम करने का आग्रह किया, जो सामाजिक सद्भाव और समानता की भावना को मूर्त रूप दे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी डॉ. भीमराव आम्बेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि डॉ. आम्बेडकर की प्रेरणा के कारण ही आज देश सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में समर्पित भाव से जुटा हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि डॉ. आम्बेडकर के सिद्धांत और आदर्श आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति मिलेगी।