मार्च 19, 2025 9:42 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 19वें रामनाथ गोयनका पत्रकारिता उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि यांत्रिक मेधा दुनिया में बडा बदलाव ला रही है और पत्रकारिता सहित कई क्षेत्रों में नए अवसर तथा नई चुनौतियां पैदा कर रही है। राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में 19वें रामनाथ गोयनका पत्रकारिता उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में यह बात कही। उन्होंने डीप फेक और यांत्रिक मेधा के दुरुपयोगों के खतरे के बारे में सभी नागरिकों को संवेदनशील बनाने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि रामनाथ गोयनका पुरस्कारों ने भारतीय पत्रकारिता में उत्कृष्टता का स्तर बढ़ाने और लोकतंत्र की जड़ों को समृद्ध करने की प्रक्रिया में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की आत्मा, समाचार एकत्रीकरण को मजबूत करना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व को कम करके नहीं आंका जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि नागरिकों को अच्छी तरह से जानकारी नहीं दी जाती है, तो लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं अपना अर्थ खो देती हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि समाचार मीडिया को चौथा स्तंभ कहा जाता है, क्योंकि यह आधुनिक राज्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

रामनाथ गोयनका पुरस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देश इन पुरस्कारों के माध्यम से इंडियन एक्सप्रेस समूह के संस्थापक और भारतीय मीडिया के महान प्रतीक रामनाथ गोयनका की विरासत का सम्मान करता है।