राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश के आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और आध्यात्मिक विकास में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश समग्र विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। राष्ट्रपति ने प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली निवासियों की निरंतर प्रगति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश को एक पवित्र भूमि बताया जिसने भारतीय संस्कृति में अनगिनत पौराणिक और ऐतिहासिक कालखंडों को देखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पिछले आठ वर्षों से विकास के नए अध्याय लिखने में लगा है। श्री मोदी ने विश्वास जताया कि जन कल्याण पर सरकार के ध्यान केंद्रित करने और नागरिकों की अद्भुत प्रतिभा तथा कड़ी मेहनत से प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देगा।