मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

दिसम्बर 27, 2024 8:36 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. सिंह उन असाधारण राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
 
 
 
उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री को एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बताया, जिन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया। 
 
 
 
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक के निधन पर शोक व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने वित्तमंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक भारत की आर्थिक नीति पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी।
 
 
 
उन्होंने संसद में डॉ. सिंह के व्यावहारिक हस्तक्षेप और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उनके व्यापक प्रयासों की भी सराहना की।
 
 
 
अपने शोक संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने रिजर्व बैंक के गवर्नर से लेकर वित्तमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश के शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व ने पार्टी लाइन से हटकर प्रशंसा और सम्मान अर्जित किया और उनकी विरासत राष्ट्र निर्माण के उनके प्रयास में पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
 
 
 
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व, विनम्रता और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। 
 
 
 
अपने शोक संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, एक बेदाग छवि वाले ईमानदार नेता और अद्वितीय कद का अर्थशास्त्री खो दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्र निर्माण में डॉ. सिंह का अपार योगदान भारत के इतिहास के पन्नों में हमेशा अंकित रहेगा।
 
 
 
अपने संदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि डॉ. सिंह ने अपार बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। 
 
 
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में डॉ. सिंह के निधन को भारत की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला