राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों से भारत को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आग्रह किया है। हैदराबाद में कोटि दीपोत्सवम में उन्होंने सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने तथा वंचितों के कल्याण के लिए काम करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन अंधकार से प्रकाश की ओर तथा अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि देश समग्र और समावेशी विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत अपनी समृद्ध संस्कृति को भी संरक्षित रखेगा और अपने विकास लक्ष्यों को भी प्राप्त करेगा।
इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मु का हैदराबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और अन्य गणमान्य लोगों ने स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मु आज सुबह अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव लोक मंथन के चौथे संस्करण का शुभारंभ करेंगी।