फ़रवरी 10, 2026 6:32 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने गॉर्डी होवे अंतरराष्ट्रीय पुल का निर्माण रोकने की धमकी दी

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अमरीका और कनाडा को जोड़ने वाले नए गॉर्डी होवे अंतरराष्ट्रीय पुल के निर्माण को रोकने की धमकी दी है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इसके लिए कनाडा की अमरीका के प्रति शत्रुतापूर्ण नीति और चीन के साथ बढ़ते संबंधों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्‍होंने कहा कि जब तक अमरीका को कनाडा को दी गई सुविधाओं के लिए पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वह पुल को खुलने नहीं देंगे। अमरीकी राष्‍ट्रपति ने कहा कि बातचीत तुरंत शुरू की जाएगी । राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्‍प ने सुझाव दिया कि अमरीका को कम से कम आधी संपत्ति का मालिक होना चाहिए।

अमरीका के राष्‍ट्रपति ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुए उस समझौते का भी जिक्र किया, जिसके अन्‍तर्गत चीन के इलेक्ट्रिक वाहनों को कनाडा में आयात करने की अनुमति दी गई है। अमरीकी प्रशासन का कहना है कि इस समझौते से अमरीका के साथ बातचीत में कनाडा की स्थिति कमजोर होती है, जिसके चलते ट्रंप ने कनाडा के सभी प्रकार के आयात पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी है।

गॉर्डी होवे अंतरराष्ट्रीय पुल को 2026 की शुरुआत में खोले जाने की उम्‍मीद थी। यह डेट्रॉइट और विंडसर के बीच पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए एकमात्र पुल होगा। ट्रम्‍प की टिप्पणियों ने दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच इस परियोजना पर अनिश्चितता का माहौल बना दिया है।