फ़रवरी 4, 2026 8:27 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति का अभिभाषण देश की विकास गाथा को दर्शाता है और अत्यंत प्रेरणादायक है: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

राज्यसभा में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा फिर शुरू हुई। चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि राष्‍ट्रपति का अभिभाषण भारत की विकासगाथा, अमृत काल की भावना और नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को उजागर करता है। केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है जिससे देश के लोगों के लिए कई अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया और आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में सामाजिक न्याय और सद्भाव में कमी आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाएं भाजपा के लिए सिर्फ़ वोट बैंक बन कर रह गई हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि वह महिलाओं के लिए आरक्षण क्यों लागू नहीं कर रही है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता खड़गे ने आरोप लगाया कि देश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। विपक्ष के नेताओं ने मणिपुर में हिंसा का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है।

एमएनएम के कमल हासन ने अलग-अलग राज्यों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की कवायद लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। भाजपा की एक महिला सदस्‍य ने कहा कि राष्ट्रपति ने हर नीतिगत मुद्दे पर बात की है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एक अन्‍य भाजपा सदस्‍य भीम सिंह ने 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लेने के लिए प्रधानमंत्री की प्रशंसा की। सदन में अभिभाषण पर कल भी चर्चा होगी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला