मार्च 5, 2026 11:14 पूर्वाह्न

printer

रायसीना संवाद आज नई दिल्ली में शुरू होगा

भारत के प्रमुख भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्रीय सम्मेलन, रायसीना संवाद का 11वां संस्करण आज नई दिल्ली में शुरू होगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में वैश्विक नेता, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और रणनीतिक सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। वर्ष 2026 का विषय – ‘संस्कार – अभिकथन, सामंजस्य, उन्नति’ है, जो वर्तमान वैश्विक परिदृश्य को दर्शाता है। इसका आयोजन विदेश मंत्रालय-MEA के सहयोग से ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

2016 में स्थापित, वार्षिक संवाद अंतरराष्ट्रीय मामलों पर चर्चा के लिए भारत का अग्रणी मंच बनकर उभरा है। वर्षों से, इस संवाद में बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों, जलवायु संबंधी चिंताओं, तकनीकी परिवर्तन, आर्थिक लचीलापन और वैश्विक शासन व्यवस्था के भविष्य जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होती रही है।

सम्मेलन में कई विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के भाग लेने की उम्मीद है। भूटान के विदेश मंत्री ल्योंपो दीना नाथ धुंग्येल कल भारत पहुंच चुके हैं। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, जो राजकीय यात्रा पर हैं, रायसीना संवाद में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। संयुक्त राज्य अमरीका का प्रतिनिधित्व उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ करेंगे, जो संवाद में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

अन्य प्रमुख प्रतिभागियों में सेशेल्स के विदेश मामलों और प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉरे; मॉरीशस के विदेश मामलों, क्षेत्रीय एकीकरण और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री धनंजय रामफुल और श्रीलंका के विदेश मामलों, विदेशी रोजगार और पर्यटन मंत्री विजिथा हेरथ शामिल हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला