जून 11, 2024 8:23 अपराह्न

printer

 रायबरेली से सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली से मिले अपार जनसमर्थन के लिए वहां के लोगों का आभार जताया

कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव में रायबरेली से मिले अपार जनसमर्थन के लिए वहां के लोगों का आभार जताया है। रायबरेली में आज आयोजित आभार सभा में राहुल गांधी ने रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस को मिली सफलता पर कहा कि इस बार के चुनाव में लोगों ने हिंसा, दुष्‍प्रचार और अहंकार के खिलाफ मतदान किया। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता संविधान को बदलने की बात कह रहे थे लेकिन जनता ने उन्‍हें संविधान को अपने माथे पर लगाने पर मजबूर कर दिया।

   

श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली और अमेठी में मिली जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का फल है। इस जीत ने यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरे देश की जनता एक स्‍वच्‍छ राजनीति चाहती है। उन्‍होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। अमेठी से जीते पार्टी नेता किशोरी लाल शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद थे।

   

कांग्रेस ने राज्‍य की 403 विधानसभा सीटों पर आज से धन्‍यवाद यात्रा शुरू की है जो 15 जून तक चलेगी।