छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर सहित राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम सहित वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री खट्टर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की बदौलत अच्छी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में माओवादी घटनाओं पर पहले की तुलना में काफी हद तक कमी आई है।
भाजपा कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार मोदी की गारंटी को पूरा कर रही है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति लेकर चल रही है। पूववर्ती सरकार में जो भी घोटाले हुए हैं, उस पर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा लगाने का आह्वान किया।
बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान के संबंध में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, श्री नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी गई। इसके अलावा राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें कहा गया है कि आगामी निकाय और पंचायत चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाजपा की रीति-नीति और मोदी की गारंटी के अलावा केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाए।