रामनवमी का पर्व आज छत्तीसगढ़ सहित देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व भगवान विष्णु के सातवें अवतार भगवान श्रीराम के जन्म के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार रामनवमी चैत्र मास के नौवें दिन मनाई जाती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं।
रामनवमी के मौके पर आज प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर स्थित राम मंदिरों में भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की जा रही है। अनेक स्थानों पर आज शोभायात्राएं भी निकाली जा रही हैं। राजधानी रायपुर के दूधाधारी मठ में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
इस बीच, नवरात्रि पर्व के नौवें दिन आज विभिन्न देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर कई जगह हवन, कन्या भोजन और भंडारे का आयोजन भी किया गया। साथ ही बाजे-गाजे और जसगीत के साथ जोत और जंवारा विसर्जन भी किया जा रहा है।
Site Admin | अप्रैल 17, 2024 9:50 अपराह्न
रामनवमी का पर्व आज छत्तीसगढ़ सहित देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है