राज्य सरकार अंतर्राष्ट्रीय किक बॉक्सर रिंका सिंह चौधरी को आर्थिक मदद देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सिलसिले में संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये हैं। गोरखपुर जिले की गौरी मंगलपुर निवासी रिंका सिंह चौधरी ने आज मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनसे आगामी अंतर्राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिये आर्थिक मदद देने का अनुरोध किया।
इस पर श्री योगी ने कहा कि किसी भी खेल प्रतिभा के प्रोत्साहन के लिये सरकार धन की कमी नहीं आने देगी। रिंका सिंह चौधरी ने सितम्बर माह में उज्बेकिस्तान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग विश्वकप में सिल्वर मेडल जीता था और पिछले दिनों कम्बोडिया में हुए एशियन किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया है।