सितम्बर 9, 2023 7:25 अपराह्न | LUCKNOW | UP NEWS | Uttar Pradesh | UTTAR PRADESH NEWS

printer

राज्य में स्थानीय जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही उत्तर प्रदेश जल परिवहन प्राधिकरण बनाया जाएगा

राज्य में स्थानीय जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही उत्तर प्रदेश जल परिवहन प्राधिकरण बनाया जाएगा। प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में चौधरी चरण सिंह घाट पर जटायु क्रूज़ बोट के संचालन की शुरुआत करने के बाद लोगों को सम्बोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल परिवहन के ज़रिए स्थानीय और कृषि उत्पादों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए गंगा, राप्ती और सरयू नदियों में क्रूज़ का संचालन किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि अयोध्या में बड़े पैमाने पर विकास के काम और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर बन जाने के बाद देशी-विदेशी सैलानियों और श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना बढ़ोत्तरी हो जाएगी और इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक मौके मिलेंगे। श्री सिंह ने कहा कि जल्द ही मथुरा और प्रयागराज में भी क्रूज़ संचालन शुरू हो जाएगा।