झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों का परिणाम आ चुका है। कोडरमा से केन्द्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार अन्नपूर्णा देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी भाकपा माले के विनोद सिंह से तीन लाख 77 हजार 14 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यह राज्य में सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीत है। वहीं धनबाद से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो ने कांग्रेस की अनुपमा सिंह को सवा तीन लाख से अधिक वोटों से हराया। पलामू से भाजपा के वीडी राम ने राजद की ममता भुइंया को दो लाख अटठासी हजार से अधिक वोटों से हराया, जबकि हजारीबाग से भाजपा के मनीष जायसवाल ने कांग्रेस के जेपी पटेल के खिलाफ 2 लाख 75 हजार सात सौ 75 वोटों से जीत दर्ज की।
वहीं जमशेदपुर से भाजपा के विद्युत वरण महतो नेे झामुमो के समीर मोहन्ती को दो लाख उनसठ हजार सात सौ 82 वोटों से हराया। जबकि चतरा से भाजपा के कालीचरण सिंह ने कांग्रेस के केएन त्रिपाठी को दो लाख बीस हजार आठ सौ दो मतों से हराया। इधर राजमहल से झामुमो के विजय कुमार हांसदा ने भाजपा के ताला मरांडी के खिलाफ पौने दो लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। जबकि सिहंभूम से झामुमो की जोबा मांझी ने भाजपा की गीता कोड़ा को लगभग एक लाख अड़सठ हजार वोटों से हराया इधर खूंटी से कांग्रेस के कालीचरण मुण्डा ने भाजपा के अर्जुन मुण्डा के खिलाफ एक लाख उनचास हजार छह सौ 75 वोटों से जीत दर्ज की। लोहरदगा सीट से कांग्रेस के सुखदेव भगत ने भाजपा के समीर उरांव को एक लाख उनचालीस हजार एक सौ 38 वोटों से हराया।
उधर रांची संसदीय क्षेत्र से भाजपा के संजय सेठ ने कांग्रेस की यशस्विनी सहाय को एक लाख बीस हजार से अधिक मतों से जबकि गोड्डा से भाजपा के निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के प्रदीप यादव कोेएक लाख पांच हजार पांच सौ 67 वोट से हराया। इधर गिरिडीह संसदीय सीट से आजसू के चन्द्रप्रकाश चौधरी ने झामुमो के मथुरा महतो को अस्सी हजार से अधिक वोटों से हराया। उधर दुमका में झामुमो के नलिन सोरेन ने भाजपा की सीता सोरेन को 22 हजार पांच सौ 27 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। बता दें कि राज्य की दुमका सीट पर जीत में वोटों का अंतर सबसे कम रहा।
Site Admin | जून 5, 2024 2:21 अपराह्न
राज्य में सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीतीं अन्नपूर्णा देवी
 
						 
									 
									 
									 
									 
									