केरलम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मतदाता सूची संशोधन में भाग लेने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों-(बीएलओ )की सुविधाओं में कटौती की खबरें निराधार हैं। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदाता सूची के संशोधन में भाग लेने वाले बीएलओ के लिए दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है।
इस बीच, राज्य में तीनों मोर्चा के प्रमुख उम्मीदवारों ने सोमवार को अंतिम तिथि से पहले ही अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। केरलम प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने आज पेरावूर से यूडीएफ उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी ने आज उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की, जिसमें 11 नाम शामिल हैं। टी. एन. सुरेश को कोवलम, वी. राथेश को पीरुमाडे, अजिमन को मावेलिक्कारा, विवेक गोपन को अरुविक्कारा और के. आर. राजेश को चावरा से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
इस बीच, तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र से सुधीर करमना को एलडीएफ के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया है। राज्य में मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तारीख 23 मार्च है।