जनवरी 26, 2025 7:34 अपराह्न | UCC | Uttarakhand

printer

राज्य में कल से समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य में कल से समान नागरिक संहिता- यूसीसी लागू की जाएगी। यूसीसी लागू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें अधिनियम की नियमावली को मंजूरी और संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण शामिल है। यूसीसी से समाज में एकरूपता आएगी और सभी नागरिकों के समान अधिकार और दायित्व सुनिश्चित होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 27 जनवरी को देहरादून में समान नागरिक संहिता को लागू किए जाने के लिए नियमावली और पोर्टल का लोकार्पण करना प्रस्तावित है।
 
इसके साथ ही उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। इस जानकारी की पुष्टि राज्य के सचिव द्वारा सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे गए पत्र से हुई है। यूसीसी पोर्टल के आधिकारिक लॉन्च से पहले इसकी संचालन क्षमता को परखने के लिए उत्तराखंड में मॉक ड्रिल किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य यूसीसी पोर्टल की लॉन्चिंग से जुड़े तकनीकी अवरोधों और संचालन से जुड़ी चुनौतियों की पहचान करना था, जिसे अभ्यास के दौरान सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया।