राज्य में अंतिम दो चरणों के मतदान को लेकर एनडीए और इंडी गठबंधन ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज झारखंड दौरे पर रहेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी गोड्डा और रांची में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। इसे लेकर पार्टी की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की ओर से असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्व सरमा आज धनबाद और दुमका लोकसभा क्षेत्र में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज धनबाद के झरिया में भाजपा की चुनावी सभा, गोड्डा जिले के मोहनपुर चौक से बसुआ चौक तक रोड-शो और रांची के मोरहाबादी में युवा सम्मेलन में शामिल होंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या आज रांची में बाइक रैली में शामिल होंगे। इसके बाद जमशेदपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।