केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने जानकारी दी है कि देश का वन और वृक्ष आवरण 8 लाख 27 हजार 356 वर्ग किलोमीटर से अधिक है। यह देश के भौगोलिक क्षेत्रफल का 25 दशमलव एक-सात प्रतिशत है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में श्री सिंह ने बताया कि नवीनतम भारत वन स्थिति रिपोर्ट-आई एस एफ आर, 2023 के अनुसार 2021 में किए गए पिछले आकलन की तुलना में देश के कुल वन और वृक्ष आवरण में लगभग 1 हजार 446 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को देश में वनों के संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन सहित वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान करती है। इनमें राष्ट्रीय हरित भारत मिशन, वन अग्नि निवारण और प्रबंधन योजना, नगर वन योजना और वन्यजीव आवासों का एकीकृत विकास शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देश भर में वृक्षारोपण गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ नाम से वृक्षारोपण अभियान भी शुरू किया गया है। इस अभियान ने बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण में योगदान दिया है, जिससे देश में हरित क्षेत्र में वृद्धि हुई है।
Site Admin | दिसम्बर 18, 2025 5:49 अपराह्न
देश का वन एवं वृक्ष आवरण 8,27,356 वर्ग किमी से अधिक पहुँचा: राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह