छत्तीसगढ़ : राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सामान्य प्रशासन और नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव तथा संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रिया समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की सत्यता की जांच करना जरूरी है, ताकि हर पात्र मतदाता अपने मताधिकार का सही तरीके से प्रयोग कर सके। बैठक में नगर पालिकाओं में स्थानों के आरक्षण में वर्तमान स्थिति के साथ नगरीय निकायों में न्यायालय के स्थगन होने के कारण परिसीमन की जानकारी प्राप्त नहीं होने के संबंध में चर्चा की गई।