इस वर्ष पहली बार राज्य की प्रगतिशील महिला किसानों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में आयोजित बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों को सम्मान समारोह की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। श्री जोशी ने कृषि व संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर आवश्यक पत्राचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि यह प्रदेश का पहला अवसर होगा जब कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।