राज्य की तीन लोकसभा सीटों के लिए आज हुए मतदान में आम और खास, सभी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सवेरे से ही वोटिंग को लेकर खासा उत्साह देखा गया। मतदान केन्द्रों पर पहली बार वोट करने वाले युवाओं की संख्या भी अच्छी-खासी देखी गयी। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 91 पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया जबकि जामताडा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा महाविद्यालय बूथ संख्या 253 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ निशिकांत दुबे ने आज बीएड कॉलेज के बूथ पर मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी अनामिका गौतम और दोनों बेटों ने भी वोट डाले।
गोड्डा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव ने भी बोहरा गांव स्थित मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के शिकारीपाड़ा के विधायक और दुमका लोकसभा सीट से प्रत्याशी नलिन सोरेन ने भी आज परिवार के साथ मतदान किया। इधर, महगामा से कांग्रेस की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने भी परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया।