मार्च 12, 2026 12:27 अपराह्न

printer

राज्यसभा में सदन के नेता जे.पी. नड्डा का आश्वासन– जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला पर कथित हमले की व्यापक जांच होगी

राज्यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने आश्‍वासन दिया है कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला पर हुए कथित हमले की व्यापक जांच की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा उठाए गए मुद्दे पर श्री नड्डा ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। श्री नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार वरिष्ठ राजनेताओं सहित प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। श्री अब्दुल्ला की सुरक्षा का आश्वासन देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करेगी।

श्री नड्डा ने विपक्ष द्वारा इस घटना को राजनीतिक रंग देने की आलोचना करते हुए कहा कि बिना सबूतों के सरकार पर श्री अब्दुल्ला के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाना अनुचित है।

विपक्षी नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि ऐसे दावे विपक्ष की मानसिकता को दर्शाते हैं।

शून्यकाल के दौरान, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी फारुक अब्दुल्ला पर हुए हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्‍यक्‍त की।

नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने भी आरोप लगाया कि हमले के समय फारुक अब्दुल्ला को पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई थी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला