मार्च 17, 2026 10:00 अपराह्न

printer

राज्यसभा में आज विनियोग विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू हुई

राज्यसभा में आज विनियोग विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू हुई। कांग्रेस के राजीव शुक्ला ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि सरकार को मिसाइल विकास कार्यक्रम और अनुसंधान तथा विकास पर धन खर्च करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को ड्रोन रोधी तकनीक पर भी ध्यान देना चाहिए। श्री शुक्‍ला ने कहा कि भारत के ईरान के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने एनडीए सरकार की विदेश नीति पर चिंता व्यक्त की।

तृणमूल कांग्रेस के साकेत गोखले ने कहा कि सरकार विनियोग विधेयक के माध्यम से 4 लाख 13 हजार करोड़ रूपए की पूरक मांगों की अनुमति चाह रही है। उन्होंने तर्क दिया कि यह दर्शाता है कि पिछले वर्ष पेश किया गया सरकार का मूल बजट वास्तविक व्यय से लगभग 8 प्रतिशत कम था।

भाजपा के हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि 2025-26 में भारत की जीडीपी 7.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। यह विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गई। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के बाकी देश महंगाई से जूझ रहे हैं, तब भारत ने ढाई प्रतिशत से कम की मुद्रास्फीति दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार आज रिकॉर्ड 725 अरब डॉलर पर है, जो 11 महीने से अधिक के आयात के लिए पर्याप्त है। शिवसेना-उद्धव ठाकरे गुट के संजय राउत ने एलपीजी सिलेंडरों की कमी पर चिंता व्यक्त की। चर्चा जारी है।