अगस्त 12, 2025 2:12 अपराह्न

printer

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित

 
संसद में व‍िभिन्‍न मुद्दों पर विपक्षी दलों के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक और राज्‍यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई है। लोकसभा की कार्यवाही पहले स्‍थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने उच्‍च न्‍यायालय के न्‍यायधीश यशवंत वर्मा के विरूद्ध लगाए गए आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की। इसके बाद पीठासीन अधिकारी संध्‍या राय ने प्रश्‍नकाल चलाने की कोशिश की लेकिन विपक्षी सदस्‍य नारेबाजी करने लगे और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करने लगे। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्‍यों से सदन चलने देने की अपील की लेकिन उन्‍होंने ध्‍यान नहीं दिया। इस हंगामे के बीच पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। 
 
 
इससे पहले, लोकसभा की कार्यवाही जब सुबह 11 बजे शुरू हुई तो विपक्षी दलों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुद्दा उठाया और इसपर चर्चा की मांग की। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने प्रश्‍नकाल चलाने की कोशिश की लेकिन विपक्षी सदस्‍य नारेबाजी करने लगे और अपना विरोध जारी रखा। इसके बाद अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। शोर-शराबे के बीच ग्रामीण विकास राज्‍य मंत्री चन्‍द्रशेखर पेम्‍मासानी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास के निर्माण से सम्‍बंधित प्रश्‍न का उत्‍तर दिया।
 
 
राज्‍यसभा में भी इसी प्रकार के दृश्‍य देखने को मिले। राज्‍यसभा की कार्यवाही सुबह जब 11 बजे शुरू हुई तो उपसभापति हरिवंश ने शून्‍यकाल चलाने की कोशिश की लेकिन विपक्षी सदस्‍यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्‍य मुद्दे उठाए। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें चार विभिन्‍न मुद्दों पर विभिन्‍न राजनीतिक दलों से 21 स्‍थगन नोटिस प्राप्‍त हुए हैं। इनमें से 11 ऐसे मामले हैं जो न्‍यायालय में विचाराधीन हैं। उन्‍होंने कहा कि नियमानुसार विचाराधीन मामलों पर चर्चा नहीं होगी। उपसभापति ने सभी नोटिस को खारिज कर दिया। उन्‍होंने विरोध करने वाले सदस्‍यों से अपनी सीट पर वापस जाने का बार-बार आग्रह किया और शून्‍यकाल चलने देने की अपील की। हंगामा जारी रहने पर उपसभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी।