मार्च 10, 2026 12:13 अपराह्न

printer

राज्यसभा की कार्यवाही केंद्रीय मंत्रियों द्वारा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की रिपोर्ट पेश करने के साथ शुरू हुई

राज्यसभा की कार्यवाही आज केंद्रीय मंत्रियों द्वारा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की रिपोर्ट पेश करने के साथ शुरू हुई। सदस्यों ने संसदीय समितियों की रिपोर्ट भी सदन में पेश कीं। शून्यकाल के दौरान तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ’ ब्रायन ने पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में निर्वाचन  आयोग द्वारा किए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर पर चर्चा की मांग की। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सदन में चुनावी सुधारों पर बहस की मांग की। नारेबाजी के बीच विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया। सदन के नेता जेपी नड्डा ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष सदन में वास्तविक बहस नहीं चाहता है। उन्होंने चुनावी सुधारों पर चर्चा होने के बाद भी सदन में एसआईआर का मुद्दा उठाने के लिए विपक्ष की निंदा की। श्री नड्डा ने कहा कि विपक्ष फिर से सदन से बाहर चला गया है और सदन में कोई चर्चा नहीं चाहता है।