अक्टूबर 28, 2024 2:03 अपराह्न

printer

राज्यपाल से टिहरी के जिलाधिकारी ने की मुलाकात

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के लोग, विशेषकर महिलांए कामकाज में व्यस्त रहने के कारण अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती। राजभवन में राज्यपाल से टिहरी के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने टिहरी में प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने राज्यपाल को बताया कि जिले में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को पैकेजिंग और ब्रांडिंग में सहायता देने पर कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कराए गए एक सर्वेक्षण में सामने आया कि जिले में एक लाख से अधिक लोग एनीमिया से पीड़ित थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं थी। जिले में एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों और गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस अभियान के बाद एनीमिया के मामलों में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है, और हल्के लक्षण वाले 22 हजार लोग एनीमिया से मुक्त हो चुके हैं। वहीं 27 हजार 238 मध्यम लक्षण वाले लोगों में से 17 हजार 321 लोग हल्के लक्षण की केटेगरी में आ गए हैं। 500 गंभीर लक्षण वाले लोगों में से 380 लोग मध्यम लक्षण की केटेगरी में आ गए हैं और यह सुधार लगातार जारी है। राज्यपाल ने इस अभियान और पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल के लिए टिहरी जिला प्रशासन की सराहना की।  
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला