नवम्बर 15, 2024 5:01 अपराह्न

printer

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का आह्वान, नशे से दूर रहें युवा

 

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने युवाओं से नशे और ड्रग्स की आदतों से दूर रहने का आह्वान किया है। उन्होंने युवाओं को हमेशा बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। देहरादून के परेड मैदान में आयोजित ‘‘उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय युवा महोत्सव’’ के समापन समारोह में राज्यपाल ने कहा कि युवाओं के सामर्थ्य और जुनून के बल पर उत्तराखण्ड को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार का मंच प्रदान किया है, जो निःसंदेह उनके विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव ने राज्य की परंपराओं और आधुनिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है। महोत्सव में मुर्गा झपट और पिट्ठू जैसे खेलों को शामिल करने के प्रयास को राज्यपाल ने सराहनीय बताया। 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के मद्देनजर युवा महोत्सव में स्पोर्ट्स एक्सपो का आयोजन भी किया गया, जिसमें खेल विभाग के विभिन्न हॉस्टलों और स्पोर्ट्स कॉलेजों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न खेल उपकरणों पर आधारित स्टॉलों का निरीक्षण किया और युवा महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को सराहा।