राजभवन देहरादून में इस वर्ष वसंतोत्सव 07 से 09 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। आज राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। राज्यपाल ने कहा कि इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही इसके प्रचार-प्रसार को व्यापक किया जाए। उन्होंने वसंतोत्सव के माध्यम से फूल उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखण्ड के सगंध पौधों के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्यपाल ने फूड कोर्ट में विशेष रूप से पारंपरिक मोटे अनाज के व्यंजनों को प्राथमिकता देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव के माध्यम से शहद उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जी.बी पंत कृषि विश्वविद्यालय को विशेष स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पुष्प प्रदर्शनी में 15 विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वसंतोत्सव में 5 वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न अनाथालयों में रहने वाले बच्चों, दिव्यांग बच्चों तथा रैग पिकर्स बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। वसंतोत्सव में पहली बार लिलियम प्रदर्शनी को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
Site Admin | फ़रवरी 5, 2025 7:53 अपराह्न
राजभवन देहरादून में इस वर्ष वसंतोत्सव 07 से 09 मार्च तक आयोजित किया जाएगा